कमल अग्रवाल ( हरिद्वार) उत्तराखंड
हरिद्वार, शारदा पैलेस l महर्षि मेँहीँ अन्नक्षेत्र, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित मास-ध्यान साधना शिविर 2026 का 26वाँ दिवस श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए साधक नियमित रूप से ध्यान-साधना, सत्संग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं।
26वें दिवस पर संत-महात्माओं ने साधकों को ध्यान, सत्संग, सदाचार, सेवा, आत्मचिंतन और नियमित साधना के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। संतों ने कहा कि नियमित ध्यान एवं सत्संग से मन को शांति मिलती है, जीवन में संयम एवं सकारात्मक विचारों का विकास होता है और साधक आत्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ता है।
इस अवसर पर स्वामी गुरुनंदन जी महाराज, स्वामी गुरुशरण जी महाराज, स्वामी नंदन जी महाराज, स्वामी बिंदेश्वरी जी महाराज,स्वामी विसमारामानंद जी महाराज स्वामी अभिषेकानंद जी महाराज, स्वामी संजीवानंद जी महाराज, स्वामी पंकज बाबा एवं स्वामी शंकर बाबा सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। संतों के प्रवचन एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन से शिविर परिसर श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह से सराबोर रहा।
शिविर में प्रतिदिन प्रातःकालीन ध्यान-साधना, सत्संग एवं विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों का क्रम निरंतर जारी है। शारदा पैलेस परिसर में साधकों के बीच शांत, अनुशासित और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
सत्य, सदाचार और नशामुक्त जीवन का संदेश
शिविर के दौरान संत-महात्माओं ने साधकों एवं समाज को झूठ, चोरी और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश देते हुए सत्य, सदाचार, संयम और सात्विक जीवन अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ अपने आचरण को शुद्ध बनाना भी आवश्यक है। सत्य एवं सदाचारपूर्ण जीवन ही व्यक्ति को आंतरिक शांति और आत्मिक उन्नति की ओर ले जाता है।
9 अक्टूबर को होगा भव्य समापन
मास-ध्यान साधना शिविर 2026 का भव्य समापन 9 अक्टूबर 2026 को शारदा पैलेस, हरिद्वार में आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में पूज्यपाद स्वामी प्रमोद जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। समापन अवसर पर साधकों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन प्रदान किए जाएंगे।
यह जानकारी स्वामी पंकज बाबा ने दी।