कृतिका (हरिद्वार)उत्तराखंड
श्री बदरीनाथ धाम/ गोपेश्वर/ रूद्रप्रयाग/ देहरादून | दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी दानीदाता श्री राधाकृष्ण कानौड़िया जी के सुपुत्र श्री सुशील कानौड़िया जी ने गुरुवार को सपरिवार श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। उन्होंने गुरुवार को भगवान बदरीविशाल की शयन आरती तथा शुक्रवार को महाभिषेक पूजा में सपरिवार प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बदरीविशाल, माता लक्ष्मी जी एवं श्री घंटाकर्ण जी को ध्वज अर्पित किया तथा मंदिर की सेवा के लिए संकल्प लिया। इसके बाद उन्होंने रावल अमरनाथ नंबूदरी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सेवा का संकल्प व्यक्त किया।
मंदिर प्रभारी अधिकारी एवं प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल ने धाम पहुंचने पर सुशील कनौड़िया तथा बदरीनाथ धाम पहुंचे कानौड़िया परिवार का स्वागत किया प्रसाद तथा अंगवस्त्र भेंट किया।
कानौड़िया परिवार की सनातन धर्म एवं मंदिरों के संरक्षण में अहम भूमिका रही है।कानौड़िया परिवार की सनातन धर्म, धार्मिक आस्था एवं सेवा कार्यों में गहरी रुचि रही है। छह दशकों से अधिक समय से यह परिवार श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम में सेवा दान सहित देश के विभिन्न छोटे-बड़े मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं धार्मिक कार्यों तथा समाज सेवा कार्यों में योगदान देता रहा है श्री सुशील कानौड़िया के साथ ही उनके अनुज उद्योगपति श्री दिनेश कानौड़िया तथा दिवंगत श्री विजय कानौड़िया का भी श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ हेतु सेवा भाव तथा मंदिरों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण में विशेष योगदान रहा है।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अंतर्गत तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष कलश एवं छतरी के जीर्णोद्धार तथा गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर के भैरवनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण में कानौड़िया परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2024 में कनोड़िया परिवार ने श्री तुंगनाथ जी के शीर्ष छतरी का निर्माण कराया है यहीं अनुसुया माता मंदिर चांदी के सिंहासन निर्माण, श्री बदरीनाथ धाम यात्रा पड़ाव पांडुकेश्वर से पहले स्थित ग्रीफ केंप के निकट शिव मंदिर का निर्माण कराया है।
उद्योगपति सुशील कनौड़िया ने श्री बदरीनाथ प्रवास के दौरान बीकेटीसी कर्मचारियों को जैकेट तथा साधु-संतों को वस्त्र एवं कंबल वितरित किए। इससे पूर्व वह श्री केदारनाथ धाम में भी दर्शन के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व कानौड़िया परिवार ने गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्री भैरवनाथ जी के मंदिर का जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कराया ।जिसके लिए श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने उनका आभार जताया। कनौड़िया परिवार के इन सेवा कार्यों को धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं श्रद्धालुओं की सेवा के प्रति समर्पण के रूप में देखा जाता रहा है।
श्री बदरी केदार यात्रा के दौरान सुशील कानौड़िया के साथ उनकी धर्मपत्नी ममता कनोड़िया, पुत्र दीपक कनौड़िया, पुत्रवधू पायल कनौड़िया, पुत्री चेरी गुप्ता एवं नेहा गोयल सहित पोते क्यान और कृषव भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बीकेटीसी के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, एसपी भट्ट, रंजन कुमार, देवकुमार, महेश कुमार, डॉ. हरीश गौड़, राहुल नेगी, योगंबर नेगी, राजदीप सनवाल, राजेश नंबूदरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।