ज्वालापुर का छूटा हुआ क्षेत्र भी आएगा प्रतिबंध के दायरे में, सराय में मीट कारोबारियों के लिए दुकानें बनकर तैयार, नीलामी की प्रक्रिया शुरू

 

कृतिका ( हरिद्वार) उत्तराखंड 

हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में मांस बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब तक नगर निगम क्षेत्र के कुछ हिस्सों में, विशेषकर ज्वालापुर क्षेत्र के कुछ इलाकों में, मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू नहीं था। लेकिन अब नगर निगम की बोर्ड बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित होने के बाद पूरे नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

नगर निगम द्वारा इस संबंध में ‘नगर निगम हरिद्वार (मांस विक्रय प्रतिबंध) उपविधि, 2026’ तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी गई है। उपविधि के प्रकाशित होने के उपरांत इसके प्रावधान नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में प्रभावी हो जाएंगे। इसके बाद नगर निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री प्रतिबंधित हो जाएगी।

तैयार की गई उपविधि के अनुसार नगर निगम हरिद्वार के संपूर्ण नगर क्षेत्र में सभी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध सभी मांस की दुकानों पर लागू होगा। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में कच्चे मांस का भंडारण कर उसे बिक्री के लिए प्रदर्शित करना भी प्रतिबंधित रहेगा। ऑनलाइन माध्यम, मोबाइल एप अथवा अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मांस एवं मीट की डिलीवरी करना भी प्रतिबंध के दायरे में रखा गया है।

उल्लंघन पर 50 हजार से एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान : उपविधि में प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। इसके तहत पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का चालान अथवा आर्थिक दंड लगाया जाएगा। दूसरी बार उल्लंघन करने पर यह राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी जाएगी।

वहीं, ऑनलाइन माध्यम से मांस एवं मीट की प्रतिबंधित डिलीवरी करने वाली कंपनियों के विरुद्ध भी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। इसके तहत प्रथम उल्लंघन पर एक लाख रुपये तथा द्वितीय उल्लंघन पर तीन लाख रुपये का चालान अथवा आर्थिक दंड अधिरोपित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने के साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई भी की जा सकेगी।

उपविधि के अनुपालन की निगरानी नगर निगम के अधिकृत अधिकारियों, मुख्य सफाई निरीक्षक, प्रवर्तन दल अथवा अन्य नामित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। अधिकृत अधिकारियों को प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने, प्रतिबंधित सामग्री जब्त करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने का अधिकार होगा।

सराय में मीट कारोबारियों के लिए दुकानें बनकर तैयार, नीलामी प्रक्रिया शुरू : नगर निगम द्वारा मीट कारोबारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार कर ली गई है। नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में संचालित मीट की दुकानों को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित करने के उद्देश्य से सराय में दुकानें बनाकर तैयार कर दी गई हैं। इन दुकानों के आवंटन के लिए नीलामी की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। उपविधि में भी नगर निगम सीमा से बाहर नगर निगम द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत निर्मित दुकानों के लिए आवेदन करने की व्यवस्था की गई है।

इसके प्रकाशित होते ही हरिद्वार नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध प्रभावी हो जाएगा। इस प्रकार ज्वालापुर क्षेत्र के वे हिस्से भी प्रतिबंध के दायरे में आ जाएंगे, जो पूर्व में इससे बाहर रह गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *