कुंभ की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में स्वच्छता अभियान तेज, सुभाष घाट पर एक दिन में 10 टन से अधिक कूड़ा एकत्रित

कृतिका( हरिद्वार) उत्तराखंड 

हरिद्वार : आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार द्वारा गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज सुभाष घाट पर महा सफाई अभियान संचालित किया गया, जिसमें एक ही दिन में 10 टन से अधिक कूड़ा एकत्रित कर हटाया गया।

नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार के निर्देशन में संचालित इस अभियान में नगर निगम हरिद्वार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आईटीसी सुनहरा कल संस्था के स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। संस्था की ओर से डॉ. पंत एवं उनकी टीम ने अभियान में सहयोग करते हुए स्वच्छता कार्यों में श्रमदान किया।

*गंगा बंदी के बाद से लगातार जारी है सफाई अभियान*

नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार ने कहा कि गंगा बंदी के बाद से नगर निगम हरिद्वार द्वारा गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आज सुभाष घाट पर चलाए गए महा सफाई अभियान के दौरान 10 टन से अधिक कूड़ा एकत्रित कर हटाया गया। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, कूड़े का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालु स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार का अनुभव प्राप्त कर सकें।

नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निभाई सक्रिय भूमिका* अभियान में उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, सहायक नगर आयुक्त श्री सुनील मेहर, श्री प्रशांत पांडेय एवं श्री गौरव कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक श्री अनिल कुमार एवं श्री आकाश कुमार सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम हरिद्वार द्वारा आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के अंतर्गत स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। गंगा घाटों की नियमित सफाई, कूड़े का प्रभावी निस्तारण तथा विभिन्न संस्थाओं एवं जनसहभागिता के माध्यम से धर्मनगरी को स्वच्छ बनाए रखने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *